- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने 100 शैय्या अस्पताल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के दि...
बलिया में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने 100 शैय्या अस्पताल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रगति कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों को लेकर जिलाधिकारी ने शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी कर उसकी व्यापक जानकारी सीएमओ कार्यालय, कलेक्ट्रेट और विकास भवन में पंपलेट एवं अन्य माध्यमों से उपलब्ध कराई जाए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिनके परिवार में अब तक एक भी कार्ड नहीं बना है। विकासखंड नवानगर में आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित एमओआईसी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर
डीएम ने कहा कि आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर उन्हें संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो आशा कार्यकर्ता अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रही हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सेवा समाप्ति की प्रक्रिया अपनाई जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह ब्लॉक स्तर पर एमओआईसी एवं सीडीपीओ की संयुक्त बैठक आयोजित हो, जिसमें सभी आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
बाहर की दवा लिखने पर सख्ती
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही चिकित्सकों को निर्धारित समय पर अस्पतालों में उपस्थित रहने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
प्रमुख मार्गों पर लगेंगे स्वास्थ्य सूचना बोर्ड
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख मार्गों पर स्वास्थ्य संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
