Ballia News: तेज रफ्तार पिकअप ने तीन मासूमों को रौंदा, गांव में मचा कोहराम; वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

बलिया (बैरिया): जिले के बैरिया क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुरा गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीन मासूम बच्चों को रौंद दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और गहरा आक्रोश फैल गया।

गांव निवासी योगेन्द्र साह के तीन बेटे — अमन कुमार साह (8 वर्ष), अनुराग कुमार साह (6 वर्ष) और रंजन कुमार साह (3 वर्ष) — शाम करीब 5 बजे गांव के डीह बाबा स्थान के पास नल से पानी पी रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने तीनों बच्चों को टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - Ballia News: बैरिया एसडीएम की सरकारी गाड़ी और पिकअप में आमने-सामने की टक्कर, एसडीएम समेत चालक घायल

हालत नाज़ुक, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बच्चों को सोनबरसा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बलिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

गांव में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गांव में भारी रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की संकरी गलियों में बड़ी गाड़ियों की तेज रफ्तार आवाजाही आम बात हो गई है, जिससे हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

परिजनों ने प्रशासन से दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

सुरेमनपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला दर्ज कर लिया गया है और शिकायत के आधार पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.