बलिया : प्रसव पीड़ा के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, आशा बहू पर मुकदमा दर्ज

बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के सोनाडाबर गांव में प्रसव पीड़ा के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मामले में मृतका के पति ने आशा बहू पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोनाडाबर गांव निवासी अजय पासवान की पत्नी ज्ञान्ती देवी को प्रसव पीड़ा होने पर आशा बहू सरोज चौबे को घर बुलाया गया था।

यह भी पढ़े - Ballia News: चोरी का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर युवक जियो टावर पर चढ़ा, 4.30 घंटे बाद सुरक्षित उतरा

आरोप है कि आशा बहू ने घर पर ही प्रसव कराने का भरोसा दिलाया और महिला को रातभर घर पर ही रोके रखा। इस दौरान प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। बाद में जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो अल्ट्रासाउंड जांच में बच्चे की मौत की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान महिला की भी मौत हो गई।

पीड़ित पति अजय पासवान का आरोप है कि यदि समय रहते अस्पताल ले जाने की सलाह दी जाती या उचित चिकित्सा व्यवस्था कराई जाती, तो उसकी पत्नी और बच्चे की जान बच सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित आशा बहू सरोज चौबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बांसडीहरोड थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.