- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया DM ने अनुपस्थित सीएमओ से तलब किया स्पष्टीकरण
बलिया DM ने अनुपस्थित सीएमओ से तलब किया स्पष्टीकरण
Ballia News : सरकार के मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जनपद के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सिकन्दरपुर तहसील में लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाधान दिवस पर राजस्व, पुलिस, खाद्य एवं रसद, चकबंदी, विकास, विद्युत, समाज कल्याण, कृषि, मार्केटिंग एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के 135 मामले आए, जिनमें से आठ का निस्तारण किया गया।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली अक्षम्य होगी। अधिकारी जन समस्याओं को गंभीरतापूर्वक लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता से न्यायोचित समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस और राजस्व से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी प्राथमिक स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें, ताकि लोगों को यहां-वहां भटकना न पड़े। उन्होंने कड़े तेवर में चेतावनी दी कि संवेदनहीन और लापरवाह अधिकारियों को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी रामजतन यादव, उप जिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
