- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- सम्भल
- संभल में गंगा स्नान के दौरान खनन ठेकेदार का मुंशी डूबा, आठ घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग
संभल में गंगा स्नान के दौरान खनन ठेकेदार का मुंशी डूबा, आठ घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग
संभल। गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र स्थित असदपुर गंगा घाट पर मंगलवार को स्नान के दौरान खनन ठेकेदार का एक मुंशी गंगा में डूब गया। घटना के करीब आठ घंटे बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय गोताखोर लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, जबकि एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि खनन ठेकेदार का मुंशी 24 वर्षीय परवल सिंह स्नान करने के लिए गंगा में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे गड्ढे में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथ मौजूद लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और खोज अभियान शुरू कराया गया। डूबा युवक फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव दुर्गुपुर का रहने वाला बताया गया है।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। साथ ही एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, ताकि सर्च ऑपरेशन तेज किया जा सके।
गंगा घाट पर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और युवक की तलाश लगातार जारी है।
