- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में बड़ा खुलासा: टाइगर को पता चला पुष्पा ही है उसकी माँ, रिश्ते में आएगा नया मोड़...
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में बड़ा खुलासा: टाइगर को पता चला पुष्पा ही है उसकी माँ, रिश्ते में आएगा नया मोड़
मुंबई, सितंबर 2026: सोनी सब के शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में कहानी अब एक बड़े भावनात्मक मोड़ पर पहुंच गई है। टाइगर (मुकुल हरीश) को यह सच्चाई पता चल चुकी है कि पुष्पा (करुणा पांडे) ही उसकी मां है। इस खुलासे के बाद टाइगर अपने अतीत और पुष्पा के साथ अपने रिश्ते को नए नजरिए से देखने लगा है।
आने वाले एपिसोड में पुष्पा का दूसरा बेटा चिराग (नितिन बाबू) भी इस राज के और करीब पहुंचता दिखाई देगा। चिराग टाइगर और पुष्पा के रिश्ते को लेकर डीएनए टेस्ट की जांच कर रहा है। इसी दौरान उसके हाथ एक ऐसी रिपोर्ट लगती है, जिससे सच्चाई सामने आ सकती है। हालांकि, रिपोर्ट के बारे में चिराग कुछ जान पाता, उससे पहले ही पुष्पा उसे हासिल कर लेती है और राज छिपाने के लिए रिपोर्ट को जला देती है।
अब एक तरफ टाइगर अपनी मां की सच्चाई जान चुका है, वहीं चिराग भी इस रिश्ते की हकीकत तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में पुष्पा के लिए अपने पुराने राज को छिपाए रखना मुश्किल होता जा रहा है।
‘टाइगर की जिंदगी में बहुत कुछ बदलने वाला है’
टाइगर का किरदार निभा रहे मुकुल हरीश ने कहा, “पुष्पा उसकी मां है, यह सच टाइगर की जिंदगी में बहुत कुछ बदलने वाला है। यह उसके मन में कई भावनाएं और सवाल लेकर आएगा, खासकर इस बात को लेकर कि उससे यह सच्चाई इतने समय तक क्यों छिपाई गई। वह पुष्पा के साथ अपने रिश्ते को भी एक नए नजरिए से देखना शुरू करेगा। टाइगर और पुष्पा के लिए चीजें अब और भी जटिल होने वाली हैं।”
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।
