- Hindi News
- स्पोर्ट्स
- 30 लाख से 14.20 करोड़ तक का सफर: अमेठी के प्रशांत वीर ने IPL ऑक्शन में मचाया धमाल, CSK को मिला जडेजा...
30 लाख से 14.20 करोड़ तक का सफर: अमेठी के प्रशांत वीर ने IPL ऑक्शन में मचाया धमाल, CSK को मिला जडेजा का संभावित उत्तराधिकारी?
IPL ऑक्शन में जैसे ही 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर का नाम पुकारा गया, किसी को अंदाजा नहीं था कि 30 लाख की बेस प्राइस वाली यह बोली कुछ ही मिनटों में 14.2 करोड़ तक पहुंच जाएगी। इस बोली के साथ ही आईपीएल ऑक्शन में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी का रिकॉर्ड टूट गया। अब तक यह रिकॉर्ड आवेश खान के नाम था, जिन्हें 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था। 20 साल के प्रशांत वीर ने इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया। कुछ ही मिनट बाद एक और अनकैप्ड कार्तिक शर्मा को भी 14.20 करोड़ रुपये मिल गए। उनका भी बेस प्राइस 30 लाख रु. था। यानी यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से जाना जाएगा।
https://twitter.com/i/status/2000891999315222792
UP T20 लीग में नोएडा सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए पहचान बनाने वाले प्रशांत वीर ने इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजीज-दोनों को प्रभावित किया। यही वजह रही कि CSK ने उन्हें पहले ही ट्रायल्स में करीब से परखा था, क्योंकि फ्रेंचाइजी लंबे समय से रवींद्र जडेजा के दीर्घकालिक उत्तराधिकारी की तलाश में थी। पिछले कुछ हफ्तों ने प्रशांत वीर के करियर की रफ्तार को और तेज कर दिया है।
मुंबई और कोलकाता के बीच लगातार सफर करते हुए उन्होंने महज 7 दिनों में 6 मुकाबले खेले, जिसमें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और उत्तर प्रदेश अंडर-23 मैच शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 170 के स्ट्राइक रेट से 112 रन ठोके और 6.76 की किफायती इकॉनमी से 9 विकेट झटककर यह साफ कर दिया कि उनमें बड़े मंच के लिए जरूरी दम-खम मौजूद है।
