बुंदेली शेफ सीजन-4 में नैन्सी शिवहरे ने जीता खिताब, स्वाती जैन रहीं फर्स्ट रनरअप

झांसी,  सितंबर 2026: बुंदेलखंड के डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म बुंदेलखंड 24x7 की ओर से आयोजित पाक-कला प्रतियोगिता ‘बुंदेली शेफ सीजन-4’ का ग्रैंड फिनाले रविवार को झांसी में संपन्न हुआ। बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय स्वाद और पाक-कला से जुड़ी प्रतिभाओं को मंच देने वाली इस प्रतियोगिता के फाइनल में पांच प्रतिभागियों के बीच मुकाबला हुआ।

कड़े मुकाबले के बाद बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे ने ‘बुंदेली शेफ सीजन-4’ का खिताब अपने नाम किया। ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा सेकंड रनरअप रहीं। वहीं, भोपाल की हेमा गुप्ता और इंदौर की सुरुचि जैन ने भी फाइनल में अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़े - पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में 20 हजार स्कूली बच्चों की होगी आंखों की जांच, ‘विजन फॉर एवरी चाइल्ड’ पहल शुरू

निर्णायक मंडल ने किया व्यंजनों का मूल्यांकन

फाइनल मुकाबले में प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने किया। इसमें अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा और प्रसिद्ध शेफ संजय शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम में काजल कुशवाहा भी मौजूद रहीं।

बुंदेलखंड 24x7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि ‘बुंदेली शेफ’ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद और प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों का हुनर प्रतियोगिता तक सीमित न रहे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिलें, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

दीपमाला कुशवाहा ने सभी फाइनलिस्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में शामिल महिलाओं ने अपने घरेलू दायरे से आगे बढ़कर बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद और संस्कृति को व्यापक मंच देने का प्रयास किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की तैयारी और पाक-कौशल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को उद्यम के लिए सहयोग का ऐलान

ग्रैंड फिनाले के दौरान बुंदेलखंड 24x7 की ओर से प्रतिभागियों को आगे बढ़ाने के लिए एक नई पहल की घोषणा भी की गई। इसके तहत सीजन-1 से सीजन-4 तक के सभी सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को अपने पाक-कौशल को व्यवसाय में बदलने का अवसर देने की बात कही गई है।

जो महिला प्रतिभागी क्लाउड किचन, होम-बेस्ड फूड बिजनेस या कुकिंग से जुड़ा स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं, वे अपना बिजनेस आइडिया और पिच नोट बुंदेलखंड 24x7 के साथ साझा कर सकेंगी। प्राप्त प्रस्तावों के मूल्यांकन के बाद चयनित प्रतिभागियों को उद्यम शुरू करने के लिए चैनल की ‘प्रगति’ पहल के माध्यम से फंडिंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के पाक-कौशल को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए उसे रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। इसके जरिए प्रतिभागियों को अपने हुनर को स्थायी व्यवसाय में बदलने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर देने की कोशिश की जाएगी।

पारंपरिक व्यंजनों को मिल रहा मंच

‘बुंदेली शेफ’ के जरिए बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय स्वाद और पाक-कला से जुड़ी प्रतिभाओं को लगातार मंच दिया जा रहा है। सीजन-4 में ऑडिशन और विभिन्न चरणों के बाद पांच प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई।

आयोजन में शुद्ध मसाला ने मसाला पार्टनर, ट्रॉफी हाउस ने ट्रॉफी पार्टनर और पीआर 24x7 ने पीआर पार्टनर के रूप में सहयोग किया। वहीं, रुद्राणी कलाग्राम ने भी कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.