- Hindi News
- मनोरंजन
- बंधन बैंक ने लॉन्च किए चार क्रेडिट कार्ड, ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों के लिए पेश किए 4 वैरिएंट
बंधन बैंक ने लॉन्च किए चार क्रेडिट कार्ड, ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों के लिए पेश किए 4 वैरिएंट
मुंबई, सितंबर 2026: बंधन बैंक ने मास्टरकार्ड के साथ साझेदारी में अपना नया क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो लॉन्च किया है। बैंक ने अलग-अलग ग्राहक वर्गों की जरूरतों और खर्च करने की आदतों को ध्यान में रखते हुए स्पार्क्स, इग्नाइट, फ्लेयर और ल्यूमिना नाम से चार क्रेडिट कार्ड वैरिएंट पेश किए हैं।
चार कार्ड, अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से फायदे
स्पार्क्स: यह कार्ड रोजमर्रा के खर्च को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें किराना और परिधान पर विशेष रिवॉर्ड, वेलकम बोनस, घरेलू एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, बुकमायशो ऑफर, ईंधन सरचार्ज छूट और ईएमआई पर कैशबैक जैसे लाभ शामिल हैं।
इग्नाइट: इस कार्ड में किराना और यात्रा से जुड़े खर्चों पर विशेष रिवॉर्ड के साथ वेलकम और माइलस्टोन रिवॉर्ड दिए जाएंगे। कार्डधारकों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस तथा ईज़ीडाइनर के लाभ भी मिलेंगे।
फ्लेयर: यात्रा पर केंद्रित इस कार्ड में वेलकम बेनिफिट के तौर पर अमेजन पे वाउचर, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, बुकमायशो और ईज़ीडाइनर के लाभ के साथ गोल्फ से जुड़े विशेषाधिकार शामिल हैं।
ल्यूमिना: प्रीमियम लाइफस्टाइल और अंतरराष्ट्रीय खर्च करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस कार्ड में अंतरराष्ट्रीय खर्च पर प्रीमियम रिवॉर्ड, वेलकम बेनिफिट के रूप में ओबेरॉय गिफ्ट वाउचर, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज एक्सेस, कंसीयर्ज सेवा और एयरपोर्ट मीट-एंड-ग्रीट सुविधा शामिल है। इसके अलावा बुकमायशो, ईज़ीडाइनर और गोल्फ से जुड़े लाभ भी मिलेंगे।
लॉन्च के मौके पर क्या बोले बैंक के अधिकारी?
क्रेडिट कार्ड लॉन्च के मौके पर बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने इसे बैंक की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मास्टरकार्ड के साथ साझेदारी में पेश किया गया यह पोर्टफोलियो डिजिटल-फर्स्ट भारत की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि चारों कार्ड के जरिए जेन ज़ी, उभरते समृद्ध उपभोक्ताओं, अनुभवी यात्रियों और प्रीमियम लाइफस्टाइल पसंद करने वाले ग्राहकों सहित अलग-अलग वर्गों की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश की गई है।
बंधन बैंक के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी राजिंदर कुमार बब्बर ने कहा कि क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो बैंक के ग्राहक-केंद्रित उत्पादों को और मजबूत करेगा। उनके मुताबिक, अलग-अलग खर्च संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल सुविधा, रिवॉर्ड और लाइफस्टाइल लाभों को एक साथ लाया गया है।
मास्टरकार्ड के साथ साझेदारी
मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल ने कहा कि भारत का क्रेडिट क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ग्राहकों की अपेक्षाएं भी बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि मास्टरकार्ड सुरक्षित, सहज और नए भुगतान समाधानों के जरिए अपने साझेदारों को इन अवसरों का लाभ उठाने में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ऑनलाइन या बैंक शाखा से कर सकते हैं आवेदन
ग्राहक बंधन बैंक के क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी बंधन बैंक शाखा में जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बैंक के अनुसार, बंधन बैंक वर्तमान में भारत के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 35 में सेवाएं दे रहा है। बैंक के पास 6,400 से अधिक बैंकिंग केंद्रों का नेटवर्क है और इसके जरिए 3.2 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दी जा रही हैं।
