- Hindi News
- मनोरंजन
- नायक के 25 साल बाद फिर बड़े मंच पर अनिल कपूर, ‘इंडिया के टॉप 1%’ की पहली झलक जारी
नायक के 25 साल बाद फिर बड़े मंच पर अनिल कपूर, ‘इंडिया के टॉप 1%’ की पहली झलक जारी
मुंबई: फिल्म नायक में शिवाजी राव की भूमिका से दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ने वाले अनिल कपूर अब टेलीविजन पर एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। नायक की 25वीं सालगिरह के मौके पर उनके नए गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ की पहली झलक सामने आई है। शो का प्रसारण जल्द ही स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
‘इंडिया के टॉप 1%’ में कुल 100 खिलाड़ी एक साथ एक भव्य मंच पर मुकाबला करते नजर आएंगे। प्रतियोगियों को रोजमर्रा की समझ, तर्क क्षमता और चीजों को बारीकी से परखने की क्षमता पर आधारित 13 चुनौतीपूर्ण राउंड्स से गुजरना होगा।
शो की खास बात इसका कॉन्सेप्ट है—“जिस कंटेस्टेंट को बात खटकी, उसकी जीत पक्की!” हर खिलाड़ी ₹1 लाख की राशि के साथ खेल की शुरुआत करेगा। गलत जवाबों से जुड़ी रकम साझा प्राइज पॉट में जाती जाएगी, जो बढ़कर ₹1 करोड़ तक पहुंच सकती है।
दांव बड़ा, सवाल होंगे दिलचस्प
देश के अलग-अलग हिस्सों और पृष्ठभूमियों से आए 100 खिलाड़ी जब एक ही मंच पर आमने-सामने होंगे, तो मुकाबले में रणनीति के साथ-साथ मनोरंजन का भी तड़का देखने को मिलेगा। शो में ऐसे सवाल और परिस्थितियां होंगी, जो दर्शकों को घर बैठे खुद भी जवाब सोचने और खेल में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगी।
‘झकास’ अंदाज में लौटेंगे अनिल कपूर
बड़े पर्दे पर अपनी खास ऊर्जा और अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले अनिल कपूर अब गेम शो के होस्ट के रूप में नजर आएंगे। उनका सिग्नेचर ‘झकास’ अंदाज शो की प्रस्तुति को और खास बनाने की उम्मीद है।
19 सितंबर से होगा प्रीमियर
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रीमियर 19 सितंबर को रात 8 बजे होगा। दर्शक इसे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे।
