बलिया में बाढ़ के पानी में नहाते समय दो किशोर डूबे, मौत; परिवार में मचा कोहराम

बलिया: दुबहड़ थाना क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी की बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी गोलू गोंड (16) और अनीश अंसारी (17) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

पांच दोस्त पहुंचे थे नदी के पास

बताया गया कि रविवार को रघुनाथपुर गांव के पांच दोस्त दो बाइकों से दुबहड़-बलिया बंधे पर स्थित टेकार गांव से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली पुलिया के पास पहुंचे थे। यह स्थान मां काली मंदिर, माधोमठ के पास बताया जा रहा है।

यह भी पढ़े - गंगा के जलस्तर में फिर तेजी, तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी

वहां बाइक खड़ी करने के बाद गोलू गोंड और अनीश अंसारी समेत चार किशोर नदी के बाढ़ के पानी में स्नान करने लगे। इसी दौरान चारों किशोर डूबने लगे। बाहर मौजूद एक किशोर के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि गोलू और अनीश पानी में डूब गए।

स्थानीय नाविकों ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय नाविक भी नाव लेकर नदी में दोनों किशोरों की तलाश में जुट गए।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सदर तहसीलदार अभिषेक कुमार मौर्य और लेखपाल कैसर मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

स्थानीय नागरिक शिवनारायण साहनी, बृजेश गिरी और गोलू कुमार बहेलिया समेत अन्य ग्रामीणों ने नाविकों के साथ मिलकर नदी में तलाश जारी रखी।

करीब एक घंटे बाद निकाले गए शव

करीब एक घंटे की तलाश के बाद दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की खबर मिलते ही रघुनाथपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों किशोरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.