भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर समाधान

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित कार्यकर्ता सुनवाई में मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का त्वरित समाधान किया। इस दौरान पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत तथा राजस्व, उपनिवेशीकरण एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्य मंत्री विजय चौधरी उपस्थित रहे।

कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय में नियमित कार्यकर्ता सुनवाई शुरू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़े - समाज में बदलाव की लहर लाने वाले वाहक होंगे सम्मानित

उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान पशुपालन विभाग से जुड़ी समस्याओं के साथ बिजली और पानी से संबंधित मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए, जबकि कुछ प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश जारी किए गए। कुमावत ने कहा कि भजनलाल सरकार राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है, इसलिए उनकी समस्याओं की सुनवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।

राज्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। अब मंत्रियों द्वारा न केवल अपने निवास स्थानों पर जनसुनवाई की जा रही है, बल्कि पार्टी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं के लिए सुनवाई की व्यवस्था की गई है। इससे प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा और संगठन और अधिक सशक्त होगा।

कार्यकर्ता सुनवाई के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह और नारायण मीणा भी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.