- Hindi News
- बिहार
- प्रधानमंत्री मोदी से मिले संजय सरावगी, बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी से मिले संजय सरावगी, बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा
पटना। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बिहार के समग्र विकास, किसानों के सशक्तिकरण और संगठनात्मक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों नेताओं के बीच सार्थक चर्चा हुई। मुलाकात के बाद सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री से यह संवाद प्रेरणादायक रहा और बिहार के विकास की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है।
चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की विशिष्ट पहचान मखाना के उत्पादन और उसके व्यावसायिक विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मखाना उत्पादन से जुड़े किसानों की स्थिति, रोजगार की संभावनाओं और मूल्य संवर्धन पर गहन विमर्श किया तथा किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने मिथिला और बिहार के सर्वांगीण विकास को लेकर भी मार्गदर्शन दिया और मिथिला पेंटिंग जैसे सांस्कृतिक विषयों पर विस्तार से संवाद किया।
प्रधानमंत्री ने संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा की भावना को और सुदृढ़ करने को लेकर भी आवश्यक सुझाव दिए। सरावगी ने कहा कि यह भेंट बिहार के विकास, किसानों के सशक्तिकरण और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायक रही।
जेपी नड्डा, अमित शाह और राजनाथ सिंह से भी हो चुकी है मुलाकात
उल्लेखनीय है कि इससे पहले संजय सरावगी दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात कर चुके हैं। सरावगी के अनुसार, इन बैठकों में संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा हुई और बिहार में संगठन को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।
