- Hindi News
- भारत
- कोहरे–शीतलहर की मार: एमपी में पारा 10 डिग्री से नीचे, 22 जिलों में अलर्ट
कोहरे–शीतलहर की मार: एमपी में पारा 10 डिग्री से नीचे, 22 जिलों में अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच घना कोहरा छा गया है। शीतलहर के साथ प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से को कोहरे ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिसके चलते 22 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 17 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर अगले दो–तीन दिनों में मध्य प्रदेश में दिखाई देगा। इसके पीछे एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है। वहीं जेट स्ट्रीम का असर भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के साथ प्रदेश में देखा जा रहा है। रविवार तक यह 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 176 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही थी, जो सोमवार को बढ़कर 222 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।
घने कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट
मंगलवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 मीटर से आगे देख पाना मुश्किल रहेगा। वहीं भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और सिंगरौली में येलो अलर्ट जारी है, जहां विजिबिलिटी 1 से 2 हजार मीटर तक रहने की संभावना है।
सोमवार को भी छाया रहा कोहरा
सोमवार सुबह रीवा और मुरैना–रायसेन में 50 मीटर से आगे कुछ नजर नहीं आया। भोपाल में 500 से 1000 मीटर तक विजिबिलिटी रही। दोपहर में भी हालात ऐसे ही बने रहे। ठंड के इस सीजन में यह पहली बार था, जब सुबह से लेकर दिनभर घना कोहरा छाया रहा। सबसे ज्यादा असर रीवा में देखा गया। खजुराहो में 50 से 200 मीटर, भोपाल, ग्वालियर, दतिया और सीधी में 500 से 1000 मीटर तथा इंदौर, नर्मदापुरम, सागर, रतलाम, दमोह और मंडला में 1 से 2 हजार मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई।
तेजी से गिरा तापमान
तापमान में भी भारी गिरावट आई है। सोमवार रात भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, इंदौर में 6.6 डिग्री, ग्वालियर में 9.1 डिग्री, उज्जैन में 9.3 डिग्री और जबलपुर में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान पचमढ़ी और राजगढ़ रहे, जहां तापमान 5.4 डिग्री रहा। बैतूल में 5.8, उमरिया में 7, रीवा में 7.5, रायसेन में 7.6, मलाजखंड–नौगांव में 7.8, खजुराहो में 8.1, नरसिंहपुर में 8.2, दमोह–मंडला में 8.5, छिंदवाड़ा में 8.6, टीकमगढ़ में 8.9, सतना में 9.6 और गुना में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
