पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप: महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार, पांच साथी भी पकड़े गए

चंडीगढ़/हिसार। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा समेत छह लोगों को हिसार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ज्योति 'Travel with Jo' नाम से यूट्यूब चैनल चलाती है और उसे हिसार के न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

ज्योति ने कबूल किया है कि वह साल 2023 में वीजा के लिए पाकिस्तान हाई कमीशन गई थी, जहां उसकी मुलाकात अहसान उर रहीम उर्फ दानिश से हुई। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में उसने दो बार पाकिस्तान की यात्रा भी की।

यह भी पढ़े - गुजरात निकाय चुनाव : भाजपा की बड़ी बढ़त पर पीएम मोदी बोले—जनता ने सुशासन की राजनीति को चुना

पाकिस्तान में वह दानिश के कहने पर अली अहवान नामक शख्स से मिली, जिसने वहां उसके रहने और घुमाने-फिराने की व्यवस्था की। इसी दौरान अली अहवान ने उसे पाकिस्तानी इंटेलिजेंस और सिक्योरिटी एजेंसियों के अफसरों से मिलवाया।

ज्योति ने पूछताछ में बताया कि वह राणा शहबाज और शाकिर नाम के दो और लोगों से मिली थी। शाकिर का मोबाइल नंबर उसने ‘जट रंधावा’ के नाम से सेव कर रखा था ताकि शक न हो। भारत लौटने के बाद वह व्हाट्सएप, स्नैपचैट और टेलीग्राम जैसे ऐप्स के ज़रिए देशविरोधी सूचनाएं पाकिस्तान भेजती रही।

पुलिस के अनुसार, ज्योति पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव्स के सीधे संपर्क में थी। खास बात यह है कि अहसान उर रहीम उर्फ दानिश को पहले ही भारत सरकार ‘पर्सन नॉन ग्राटा’ घोषित कर चुकी है। अब ज्योति को भी इसी श्रेणी में रखते हुए गिरफ्तार किया गया है।

शनिवार दोपहर बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच गहराई से जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.