- Hindi News
- भारत
- दिल्ली: बच्चे को दवा देने को लेकर विवाद के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी समेत 4 ग...
दिल्ली: बच्चे को दवा देने को लेकर विवाद के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी समेत 4 गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली के निहाल विहार इलाके के लक्ष्मी पार्क में घरेलू विवाद के बाद 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की कथित तौर पर पत्नी के मायके पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। विनय नोएडा स्थित एडोबी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में परिवार के सदस्यों की आवाजाही और विनय को गंभीर हालत में घर से बाहर ले जाते हुए देखा गया है।
बच्चे को दवा देने को लेकर हुआ था विवाद
विनय की मां के अनुसार, शुक्रवार को बच्चे को दवा देने को लेकर विनय और रेखा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा नाराज होकर मायके चली गई। आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ वापस लौटी।
परिवार का आरोप है कि इसके बाद विनय के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे बार-बार पीटा, गला दबाया और छाती पर लात-घूंसे मारे। विनय की मां ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर उन्हें भी दूर कर दिया गया।
12 मिनट में सामने आई पूरी घटना
पड़ोसी के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोपहर करीब 1:12 बजे रेखा के परिवार के कुछ सदस्य घर पहुंचे। करीब 12 मिनट बाद 1:24 बजे पड़ोसी विनय को कंधे पर उठाकर घर से बाहर लाते हुए दिखाई दिए।
बताया गया कि विनय उस समय खुद खड़े होने की स्थिति में नहीं थे। पड़ोसी ने उन्हें कुर्सी पर बैठाया और बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीसरी मंजिल पर पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे
परिवार के अनुसार, विनय अपने माता-पिता के साथ इसी मकान की तीसरी मंजिल पर अलग हिस्से में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। विनय और रेखा की शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले हुई थी। उनके करीब साढ़े चार महीने पहले जुड़वां बच्चे हुए थे।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि रेखा के भाई ने पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विनय को धमकी दी थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एडोबी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे विनय
विनय नोएडा स्थित एडोबी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। परिवार के मुताबिक उनका सालाना पैकेज करीब 60 लाख रुपये था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या की पूरी वजह की भी जांच की जा रही है।
