गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और बेटी की हत्या की, दूसरी बेटी घायल

गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी के लोकप्रिय विहार इलाके में शुक्रवार देर रात घरेलू विवाद के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पत्नी और एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनने के बाद दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल तीनों को जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय बेबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 14 वर्षीय रूबी तबस्सुम का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह भी पढ़े - सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ की रिलीज का रास्ता साफ, 28 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

वारदात के बाद घर के बाहर बैठा रहा आरोपी

आरोपी की पहचान मोहम्मद रजा अंसारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने पत्नी के पेट और गले तथा बेटी के गले पर धारदार हथियार से हमला किया। वारदात के बाद वह मौके से फरार नहीं हुआ और घर के बाहर ही बैठा रहा, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

आर्थिक तंगी और तनाव की बात सामने आई

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक तंगी के तनाव में वारदात को अंजाम देने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वह गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करता था। पुलिस को उसके पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहने की जानकारी भी मिली है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियों की पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य के अनुसार, सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.