- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नौ घंटे बाद उतरा; मुकदमों में कार्रवाई की मांग को लेकर किया हाईव...
बलिया में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नौ घंटे बाद उतरा; मुकदमों में कार्रवाई की मांग को लेकर किया हाईवोल्टेज ड्रामा
बलिया। बांसडीह कस्बे में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब परिवार के खिलाफ दर्ज मुकदमों में सही जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा।
सुबह छह बजे टावर पर चढ़ा
रविवार सुबह करीब छह बजे धनजी कस्बे में एसबीआई बैंक के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर पहुंचने के बाद वह पर्चे नीचे फेंकने लगा और परिवार से जुड़े विभिन्न मामलों में कार्रवाई की मांग करने लगा।
उसने मारपीट और चोरी के दर्ज मुकदमों में कार्रवाई, भोजन की व्यवस्था तथा जिस युवती से उसका विवाह हुआ था, उससे कानूनी रूप से संबंध विच्छेद हुए बिना दूसरी शादी करने के मामले में कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने समझाने का किया प्रयास
जानकारी मिलते ही कोतवाल राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल फोन के जरिए धनजी से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ।
धनजी का आरोप था कि कुछ दिन पहले परिवार के लोगों ने उसके पैसे भी चोरी कर लिए, लेकिन शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उसने पूर्व में दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की।
चेयरमैन के आश्वासन पर उतरा
करीब तीन बजे चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ‘बब्लू’ ने मोबाइल फोन पर धनजी से बातचीत की। उन्होंने अपने खर्च पर उसके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था कराने और परिवार के लोगों से बातचीत कर विवाद का समाधान कराने का भरोसा दिया।
करीब नौ घंटे तक चले प्रयास के बाद धनजी टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
