- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर BEO ने चखा मिड-डे-मील, शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बलिया: बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर BEO ने चखा मिड-डे-मील, शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बलिया। शिक्षा क्षेत्र दुबहड़ के प्राथमिक विद्यालय दादा के छपरा का निरीक्षण करने पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक अभिलेखों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन का स्वाद चखा और उसकी गुणवत्ता की जांच की। भोजन की गुणवत्ता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
अभिलेखों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति पंजिका, शिक्षक डायरी, मिड-डे-मील रजिस्टर समेत विभिन्न विभागीय अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया गया। बीईओ ने सभी विभागीय निर्देशों का समयबद्ध और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विद्यालय परिसर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ, बच्चों के अनुकूल और प्रेरणादायक होना चाहिए।
इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका माद्री सिंह के साथ रीमारानी सिंह, सोनी सिंह, जूली राय, रागिनी दुबे, रणजीत सिंह और बिंदु पांडेय समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
