- Hindi News
- भारत
- दिल्ली अग्निकांड में 13 विदेशी नागरिकों की मौत, 22 से अधिक घायल
दिल्ली अग्निकांड में 13 विदेशी नागरिकों की मौत, 22 से अधिक घायल
नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुई भीषण आग की घटना में 13 विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक विदेशी नागरिक घायल हुए हैं। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को दी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सभी संबंधित देशों के दूतावासों से संपर्क बनाए रखा गया है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्रालय स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के साथ समन्वय कर दस्तावेजी प्रक्रियाओं, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को मालवीय नगर स्थित बहुमंजिला लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। बाद में मृतकों में 13 विदेशी नागरिकों के शामिल होने की पुष्टि हुई।
इस घटना पर प्रधानमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया था। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई थी।
सरकार ने कहा है कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।
