- Hindi News
- बिहार
- बिहार में शादी समारोह के दौरान दुल्हन को गोली, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
बिहार में शादी समारोह के दौरान दुल्हन को गोली, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में एक विवाह समारोह के दौरान कथित प्रेमी द्वारा दुल्हन को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह वारदात मंगलवार रात चौसा थाना क्षेत्र में हुई।
चौसा थाना के अतिरिक्त प्रभारी चंदन कुमार ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। पीड़िता को उस समय गोली मारी गई, जब वह दूल्हे के बगल में मंच पर खड़ी थी।”
https://twitter.com/deepakuf09/status/2026608662048027136
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल दुल्हन को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में हमलावर की पहचान पड़ोसी दीनबंधु के रूप में की है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी एकतरफा प्रेम करता था और विवाह से नाराज था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दूल्हा और उसके परिजन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर गांव से शादी समारोह में आए थे। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
