- Hindi News
- बिजनेस
- एक्सिस बैंक के दमदार नतीजे: चौथी तिमाही में 7,071 करोड़ का मुनाफा, पूरे साल मजबूत प्रदर्शन
एक्सिस बैंक के दमदार नतीजे: चौथी तिमाही में 7,071 करोड़ का मुनाफा, पूरे साल मजबूत प्रदर्शन
नागपुर : निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक एक्सिस बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 7,071 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जो पिछली तिमाही की तुलना में नौ प्रतिशत अधिक है।
बैंक के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में ऋण पोर्टफोलियो में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत और कुल जमा में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई। शुद्ध ब्याज आय (NII) में सालाना आधार पर पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि फीस आय में तिमाही आधार पर आठ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बैंक ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं को देखते हुए 2,001 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान भी किया है, ताकि बैलेंस शीट को मजबूत बनाए रखा जा सके।
तिमाही के दौरान बैंक ने लगभग 10 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए और सक्रिय कार्डों में करीब 14 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी बनाए रखी। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (SME) ऋण में सालाना आधार पर 24 प्रतिशत, जबकि कॉर्पोरेट ऋण में 38 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चौधरी ने कहा कि बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 को मजबूत प्रदर्शन के साथ समाप्त किया है और आगे भी डिजिटल बैंकिंग, ग्राहक सुरक्षा तथा सेवाओं के विस्तार पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैंक ने ग्राहकों की सुरक्षा को बढ़ाने के लिए अपने ‘ओपन’ ऐप पर ‘सेफ्टी सेंटर’ शुरू किया है और ‘एसएमएस शील्ड’ जैसी नई सुविधा भी पेश की है।
बैंक ने एमएसएमई क्षेत्र के लिए स्वर्ण ऋण के जरिए ऋण उपलब्धता बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए विभिन्न पहलें भी की हैं।
