Bihar News: जमुई में दो समुदायों के बीच झड़प के बाद तनाव, प्रशासन ने इंटरनेट सेवा की बंद

जमुई (बिहार)। झाझा थाना क्षेत्र के बलियाडीह गांव में दो समुदायों के बीच झड़प के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है और बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है।

कैसे भड़की झड़प

रविवार को बलियाडीह गांव के एक हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि जब श्रद्धालु कार्यक्रम समाप्त कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन पर पथराव कर दिया गया। इस हमले के बाद दोनों समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, झाझा थाना क्षेत्र में हनुमान चालीसा का पाठ कर लौट रहे लोगों पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना में नगर परिषद के उपाध्यक्ष नीतीश कुमार सहित तीन लोग घायल हो गए, वहीं, उनकी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

41 लोग नामजद, 9 गिरफ्तार

इस मामले में झाझा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 41 लोगों को नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

तनाव को देखते हुए झाझा और जमुई में दोनों पक्षों के साथ शांति समिति की बैठक की गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला गया और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

इंटरनेट सेवा पर लगी रोक

अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं, जबकि संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी और पुलिस बल को तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.