Prayagraj News: प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित डंपर पलटने से मां-बेटे सहित तीन की मौत, तीन घायल

प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र के सैदाबाद कस्बे में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक डंपर बालू उतारते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा पर पलट गया।

घटना के समय ऑटो में सवार यात्री प्रयागराज शहर की ओर जा रहे थे। ऑटो में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें सरायसिविल (खपटिहा) गांव निवासी कुंवर साहब तिवारी की पत्नी निवेदिता (38) और पांच वर्षीय पुत्र अंश भी शामिल थे। कुंवर साहब उत्तराखंड में नौकरी करते हैं और उसी दिशा में रवाना हो रहे थे।

ऑटो रिक्शा को बदरपुर गांव का चालक दीपक चला रहा था। वाहन में सवार अन्य यात्रियों में बढ़ौली पूरेतिवारी गांव के 75 वर्षीय कोटेदार राजमणि गुप्ता और नाविक जयप्रकाश, सियाराम तथा राजा निषाद शामिल थे, जो अपनी नाव का इंजन बनवाने प्रयागराज जा रहे थे।

सिरसा रोड पर स्थित मक्खनलाल जायसवाल के निर्माणाधीन मकान के बाहर एक डंपर बालू उतार रहा था। अचानक हाइड्रोलिक फेल होने के कारण डंपर अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया, जिससे ऑटो में सवार सभी लोग उसके नीचे दब गए।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जेसीबी मशीन और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद ले जाया गया।

तीनों की मौत, तीन घायल

डॉक्टरों ने जांच के बाद निवेदिता, उनके पुत्र अंश और कोटेदार राजमणि गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

डीसीपी गंगा नगर कुलदीप सिंह गुणावत ने बताया कि हादसे का कारण डंपर का हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होना है। पुलिस ने डंपर चालक और मालिक के खिलाफ तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.