अजीत प्रकरण : 21 मिनट तक पत्नी से बातचीत के बाद मार ली गोली

मुरादाबाद: करवाचौथ की रात सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह के गनर अजीत कुमार की कमरे पर जाकर 21 मिनट तक पत्नी चंचल से फोन पर बात हुई थी। इसी के बाद उसने सरकारी एके-47 राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस बात का खुलासा उसके हेड कांस्टेबल पिता पवन कुमार ने किया है। इनके मुताबिक, पहले बेटे ने अपनी मां, बड़े भाई और उनसे भी फोन पर बात की थी। फिर पत्नी को फोन मिलाया था। बहू से बेटे की हुई बात की टाइमिंग पवन कुमार को नागफनी थाना पुलिस से पता चली है। अब वह सोमवार को मुरादाबाद आकर आरोपी बहू, उसके माता-पिता के विरुद्ध कार्रवाई को तहरीर देंगे।

मृतक के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने बुधवार रात 8:30 बजे के दौरान उनको कॉल कर बातचीत की थी। उनका बच्चा काफी खुश प्रतीत हो रहा था। फिर उसने मां और बड़े भाई अनुज से भी फोन कर बातचीत की। इस दौरान उसका रूम पार्टनर कांस्टेबल गौरव भी उसके साथ था। रात में ड्यूटी पर गौरव के जाने के बाद उनके बेटे ने 10:15 बजे के दौरान पत्नी चंचल को फोन मिलाया, क्योंकि उस दिन करवा चौथ भी था।

यह भी पढ़े - बलिया स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम, खुलेगा प्रीमियम ब्रांडेड कपड़ों का स्टोर

अब बहू चंचल और बेटे के बीच फोन पर क्या बातचीत हुई यह तो अभी पवन कुमार को पता नहीं चल पाया है लेकिन, उन्हें नागफनी थाना पुलिस से इतना जरूर मालूम हुआ है कि बेटे और बहू के बीच फोन पर बातचीत 10:15 बजे से 10:36 बजे तक चली है। इस तरह लगभग 21 मिनट तक बहू- बेटे में बात हुई है। इस दौरान बहू और बेटे में ऐसी क्या बात हुई कि उनका बेटा अजीत आत्महत्या करने को मजबूर हो गया, यह उन्हें अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक कांस्टेबल के पिता पवन कुमार ने यह भी बताया कि उनके बेटे का मोबाइल नागफनी थाना पुलिस के पास है। अब इस मोबाइल पर उसकी पत्नी से क्या बात हुई है, यह जांच के बाद ही पता चलेगा और तभी उसकी मौत का कारण स्पष्ट होगा।

बहू और उसके माता-पिता बेटे को देते थे धमकी
कांस्टेबल के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने दावा किया कि यह घटना बेटे की ससुराल वालों को भी मालूम है लेकिन, पत्नी और उसके मां-बाप ने फोन पर एक कॉल तक नहीं की। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले बेटे अजीत की शादी की थी। अभी उसके कोई संतान नहीं थी। शादी के कुछ ही समय बाद उसकी पत्नी से विवाद होने लगा था। इस विवाद में उसकी सास और ससुर भी हस्तक्षेप कर रहे थे। 9 महीने पहले बहू जेवर व अन्य कीमती सामान लेकर मायके चली गई थी, उसके बाद से दोबारा ससुराल में नहीं लौटी। आए दिन उनके बेटे से फोन पर बहस होती थी। बहू के माता-पिता भी फोन कर बेटे को तमाम तरह की धमकी देते थे।

ससुर ने बहू के चरित्र पर भी उठाए सवाल
मृतक कांस्टेबल अजीत के पिता ने बहू के चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि उन्होंने बहुत कुछ तो नहीं कहा लेकिन, इतना जरूर बताया की बहू चरित्र से ठीक नहीं है और यही बात उनके बेटे को पसंद नहीं थी। जिस कारण आए दिन विवाद होता रहता था।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.