- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- महोबा
- महोबा में दो PCS अफसरों की प्रेम कहानी ने लिया शादी का रूप, चित्रकूट में हुई सगाई
महोबा में दो PCS अफसरों की प्रेम कहानी ने लिया शादी का रूप, चित्रकूट में हुई सगाई
महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा में तैनात दो PCS अधिकारियों की प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा में है। जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल मिश्रा और जिला सेवायोजन अधिकारी आकांक्षा बाजपेयी ने हाल ही में चित्रकूट के एक होटल में सादगीपूर्ण तरीके से सगाई कर ली। दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
चित्रकूट में हुई सादगीपूर्ण सगाई
पिछले दिनों दोनों अधिकारियों ने चित्रकूट के एक होटल में बेहद सादगी के साथ सगाई की। समारोह में परिवार के सदस्यों, करीबी रिश्तेदारों, मित्रों और कुछ सहयोगियों को ही आमंत्रित किया गया था। दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और साथ जीवन बिताने का वादा किया।
सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों के शुभचिंतकों और परिचितों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया है।
30 नवंबर को खजुराहो में होगी शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल मिश्रा मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं और वर्ष 2020 बैच के PCS अधिकारी हैं। जुलाई 2024 में उनकी तैनाती महोबा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर हुई थी।
वहीं, आकांक्षा बाजपेयी मूल रूप से बांदा की रहने वाली हैं और करीब तीन वर्षों से महोबा में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी 30 नवंबर को खजुराहो में होगी। शादी को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शादी से पहले हल्दी और मेहंदी समेत अन्य रस्में भी आयोजित की जाएंगी।
