- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में 76 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में डीएम ने दिया आत्मनिर्भरता का स...
बलिया में 76 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में डीएम ने दिया आत्मनिर्भरता का संदेश
बलिया। सिकंदरपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंत्रोच्चार के बीच किया। इस दौरान उन्होंने विवाह बंधन में बंधने जा रहे 76 वर-वधुओं का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
वधू के खाते में भेजे जाएंगे 64 हजार रुपये
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वधू के खाते में 64 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। उन्होंने नवदंपतियों को सलाह दी कि इस धनराशि का उपयोग सोच-समझकर करें और संभव हो तो रोजगार या व्यवसाय में निवेश कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत करीब 21 हजार रुपये की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि 15 हजार रुपये टेंट और भोजन जैसी व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। इस प्रकार सरकार की ओर से प्रति विवाह कुल एक लाख रुपये का प्रावधान है। नवदंपतियों को योजना के तहत 27 प्रकार की आवश्यक घरेलू सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर बनें आत्मनिर्भर
जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए सरकार कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने लोगों से बेटियों को बोझ न समझने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ लेने को कहा। युवाओं से जिला सेवायोजन पोर्टल और संबंधित रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की गई, ताकि उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।
डीएम ने बताया कि जिले में नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। वहीं, महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाना है। इसके लिए जरूरी है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
नवदंपतियों को पौधरोपण का संदेश
समारोह में जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से नवदंपतियों को पौधा देने की पहल की गई है। उन्होंने सभी जोड़ों से पौधे को अपने जीवन की यादगार के रूप में लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि आने वाले समय में पर्यावरण संकट से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना जरूरी है।
कार्यक्रम में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण विभाग रमेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के अंत में जिलाधिकारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को पुनः बधाई और शुभकामनाएं दीं।
