- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News: महाकुंभ पर दुष्प्रचार का योगी ने दिया जवाब विकास कार्यों में बाधा डालने वालों पर साधा
Lucknow News: महाकुंभ पर दुष्प्रचार का योगी ने दिया जवाब विकास कार्यों में बाधा डालने वालों पर साधा निशाना डबल इंजन सरकार पंडित उपाध्याय के सपनों को कर रही साकार
लखनऊ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए गरीबी उन्मूलन के खोखले नारों और महाकुंभ पर हो रहे दुष्प्रचार का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जीवन भर वीवीआईपी सुविधाएं लेने वाले लोग आज महाकुंभ को लेकर दुष्प्रचार में जुटे हैं।
योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने गरीबी हटाने के बड़े-बड़े नारे दिए, लेकिन हकीकत में गरीबों की संख्या बढ़ती गई। वहीं, मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में गरीबों को सशक्त बनाने का काम किया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान 29 दिनों में 45 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया, जो एक ऐतिहासिक घटना है। उन्होंने कहा, "भारत और चीन के बाद दुनिया के किसी देश की आबादी 45 करोड़ नहीं है। ऐसे में एक अस्थायी शहर में इतने लोगों का संगम में डुबकी लगाना गौरव का विषय है।"
महाकुंभ को लेकर दुष्प्रचार करने वालों पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि कुछ लोग इसे वीआईपी स्नान से जोड़कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। महाकुंभ आस्था और समरसता का संगम है, जहां जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव खत्म होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, "नकारात्मकता फैलाने वाले वही लोग हैं जो जीवन भर वीआईपी ट्रीटमेंट लेते रहे हैं और हमेशा भारत और सनातन के विरोध में खड़े रहते हैं।"
विकास कार्यों पर टिप्पणी करते हुए योगी ने कहा कि जब भी कोई नई योजना शुरू होती है, कुछ लोगों को सिर्फ कमियां निकालने की आदत होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों की खुदाई से परेशानी होती है, लेकिन जब काम पूरा हो जाता है, तो लोगों को सुविधा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सरकार 4 करोड़ लोगों को आवास देती है, तब विपक्ष कहता है कि अभी बहुत लोग बाकी हैं। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ और आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मेयर सुषमा खर्कवाल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक अमरेश कुमार, पूर्व मंत्री मोहसिन रजा समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
