- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- लखनऊ : डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू, 3.93 लाख गाटों का होगा सर्वेक्षण, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
लखनऊ : डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू, 3.93 लाख गाटों का होगा सर्वेक्षण, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
लखनऊ। जिले में रबी फसलों के आकलन के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे की शुरुआत कर दी गई है। कृषि विभाग को 3.93 लाख गाटों के सर्वेक्षण का लक्ष्य मिला है। इस सर्वे से फसल और उपज की वास्तविक स्थिति सामने आएगी, जिसके आधार पर सरकारी खरीद और आगे की कृषि तैयारियां तय की जाएंगी।
इस सर्वे से आपदा की स्थिति में नुकसान का सही आकलन कर किसानों को उचित क्षतिपूर्ति मिल सकेगी। साथ ही, लक्ष्य निर्धारण, सरकारी खरीद, फसल बीमा योजनाओं में पारदर्शिता और फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। आगे की कृषि योजनाएं, खाद और बीज की उपलब्धता भी इसी डेटा के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी।
उप निदेशक कृषि विनय कुमार कौशल ने बताया कि विभाग समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा कर लेगा।
सर्वे करने पर मिलेंगे पांच रुपये
डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए कृषि विभाग के कर्मी, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक लगाए गए हैं। इन्हें मोबाइल एप के माध्यम से सर्वे करने का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रत्येक गाटा के सर्वे पर पांच रुपये का मानदेय मिलेगा। इससे पहले इन्हीं कर्मियों द्वारा खरीफ फसल का सर्वे किया गया था, जिसका भुगतान कृषि विभाग कर चुका है।
