Lakhimpur Kheri News: जंगल में मिला अधेड़ का शव, शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल के अंदर पाया गया है। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मैलानी के छेदीपुर गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि उनके चाचा रमेश चंद्र (55) टेढ़वा चौराहा पर चाय की दुकान चलाते थे। रविवार को दुकान बंद कर वे घर लौट रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने सूचना दी कि रमेश चंद्र का शव जंगल में पड़ा मिला है।

शव पर मिले चोट के निशान

परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की स्थिति देखी। मृतक की एक आंख पर गंभीर चोट के निशान थे और सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार के कारण सूजन थी। हाथों पर भी चोटें पाई गईं। शव होटल और घर के बीच करीब 800 मीटर की दूरी पर जंगल में पाया गया।

परिवार ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों का कहना है कि रमेश चंद्र की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की सच्चाई सामने आएगी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.