Lakhimpur Kheri News: मगरमच्छ ने बुजुर्ग पर किया हमला, लाठी से किया बचाव, हालत नाजुक

लखीमपुर खीरी। गोला वन रेंज क्षेत्र के रामदीनपुरवा गांव के 65 वर्षीय पशुपालक बालकराम शुक्रवार शाम मगरमच्छ के हमले का शिकार हो गए। साहस दिखाते हुए उन्होंने लाठी से वार कर किसी तरह अपनी जान तो बचा ली, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज लखीमपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बालकराम रोजाना की तरह अपने पशुओं को चराने गए थे। शाम को घर लौटते समय जब वे मूसेपुर गांव के पास बरोछा नाला से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए बैठे एक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। उसने बुजुर्ग के हाथ और पैर को जकड़ लिया। बालकराम ने हिम्मत जुटाकर अपनी लाठी से मगरमच्छ पर प्रहार किया और किसी तरह खुद को छुड़ा लिया।

यह भी पढ़े - Gonda News: इंटर कॉलेज प्रबंधक की करंट लगने से मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

गंभीर रूप से घायल बालकराम कुछ दूर चलकर गिर पड़े। जब रात आठ बजे तक वे घर नहीं लौटे तो परिजन तलाश में निकले और करीब नौ बजे उन्हें घायल अवस्था में पाया। परिजनों ने 108 एंबुलेंस को कई बार कॉल किया, लेकिन मदद समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिवारजन निजी वाहन से उन्हें अस्पताल ले गए।

वन विभाग की टीम ने शनिवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। वन चौकी प्रभारी अजय कुमार ने पुष्टि की है कि बालकराम के हाथ और पैर पर मगरमच्छ के काटने के गहरे निशान हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.