Kanpur News: 7 वर्षीय बच्ची से पड़ोसी वृद्ध ने की शर्मनाक हरकत, गिरफ्तार

कानपुर: कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 65 वर्षीय पड़ोसी वृद्ध ने घर में अकेली 7 वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। जब काम से लौटे पिता को सहमी हुई बेटी ने पूरी घटना बताई, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

मजदूरी कर पालता है बेटी, पत्नी छोड़ चुकी है साथ

पीड़ित बच्ची का पिता मजदूरी कर अपना और अपनी बेटी का पालन-पोषण करता है। कुछ समय पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, तब से वह अपनी बेटी के साथ अकेले रह रहा है।

रविवार सुबह काम पर जाने के बाद जब वह शाम को लौटा, तो उसकी बेटी दौड़कर गले लग गई और रोने लगी। जब उसने वजह पूछी, तो बच्ची ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक वृद्ध "बाबा" ने उसके साथ गंदी हरकत की। यह सुनकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।

आरोपी ने धमकाया था, पुलिस ने किया गिरफ्तार

डरी-सहमी बच्ची को लेकर पिता तुरंत काकादेव थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि आरोपी ने किसी को कुछ बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

काकादेव इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी की पहचान प्रेम सिंह (65) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के नाचनी थानाक्षेत्र के बासबगड़ गांव का निवासी है। वह कुछ समय से कानपुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पीड़िता का परिवार इस घटना के बाद सदमे में है, जबकि पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.