कानपुर देहात में सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका पर बांके से हमला कर युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

कानपुर देहात (रनियां)। प्रेम प्रसंग के चलते शनिवार सुबह कन्नौज जिले के युवक ने प्रेमिका पर जानलेवा हमला करने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जिले के रनियां थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी बीते कुछ समय से रनियां क्षेत्र में अपने ननिहाल में परिवार के साथ रह रही थी। किशोरी की मुलाकात एक जागरण कार्यक्रम के दौरान कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना अंतर्गत भवानीपुर निवासी कुंदन गोस्वामी (22) से हुई थी। दोनों का प्रेम-प्रसंग बढ़ता गया और युवक का अक्सर किशोरी के घर आना-जाना भी होता था।

विवाद के बाद वारदात

शनिवार सुबह कुंदन अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा। मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में तीखी नोकझोंक हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि कुंदन ने गुस्से में आकर बांके से किशोरी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

किशोरी के परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने और ग्रामीणों की भीड़ के जमा होने पर कुंदन ने भागने की कोशिश की, लेकिन खुद को घिरता देख वह घर से लगभग 50 मीटर दूर गया और तमंचे से अपनी कनपटी में गोली मार ली। गोली लगते ही मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रशासनिक कार्रवाई और जांच

घटना की जानकारी मिलते ही रनियां थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद मिश्र को दी। एसपी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सुरागों की तलाश की।

रनियां थाना प्रभारी ने बताया कि घायल किशोरी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटनास्थल से एक देसी तमंचा, एक बांका, दो मोबाइल फोन और एक घड़ी बरामद की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.