- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- झांसी
- Jhansi News: Instagram पर हुई दोस्ती प्यार और शादी में बदली, दो साल में बिगड़े रिश्ते; बेडरूम में मि...
Jhansi News: Instagram पर हुई दोस्ती प्यार और शादी में बदली, दो साल में बिगड़े रिश्ते; बेडरूम में मिली 27 वर्षीय महिला की लाश
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती प्यार और फिर शादी में बदल गई, लेकिन करीब दो साल के भीतर ही रिश्ते में विवाद शुरू हो गया। अब 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके बेडरूम में मिला। परिजनों ने उसके पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है।
रात में पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय शिवानी की छोटी बहन मुस्कान बगल के कमरे में सो रही थी।
परिजनों के अनुसार, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने मुस्कान से अपना बैग और सामान मांगा। सामान लेने के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया।
सुबह करीब पांच बजे मुस्कान ने बाथरूम जाने के लिए कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। उसने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
कमरे में बेहोश मिली शिवानी
सुबह करीब नौ बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने कमरे की कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी मिली। काफी आवाज देने के बाद भी जब उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई अनिकेत के अनुसार, शिवानी के हाथ अकड़े हुए थे और उसके मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी महिला
परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही शिवानी और यश के बीच विवाद चल रहा था। विवाद और कथित मारपीट के कारण शिवानी पिछले दो-तीन महीने से झांसी में अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी।
बताया गया कि दोनों के कोई बच्चे नहीं थे। 26 अगस्त को यश शिवानी को ग्वालियर ले गया था, जहां उसने राखी बांधी थी। इसके बाद 28 अगस्त को दोनों झांसी वापस आए थे।
पुलिस कर रही पति की तलाश
शिवानी मूल रूप से इंदरगढ़ क्षेत्र के राजा का बाप गांव की रहने वाली थी, जबकि यश ठाकुर ग्वालियर का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ सिटी रामवीर सिंह और सीपरी बाजार थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पति यश ठाकुर फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस महिला की मौत को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या हुई है या मौत किसी अन्य वजह से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
