- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- जौनपुर
- Jaunpur News: कामायनी एक्सप्रेस में बम की झूठी सूचना देने वाला वाराणसी से गिरफ्तार
Jaunpur News: कामायनी एक्सप्रेस में बम की झूठी सूचना देने वाला वाराणसी से गिरफ्तार
जौनपुर। गत 2 जून को काशी एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस में बम होने की झूठी सूचना देकर रेलवे प्रशासन और यात्रियों में हड़कंप मचाने वाले आरोपी को रेलवे पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि 2 जून को एक अज्ञात व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि ट्रेन संख्या 15018 काशी एक्सप्रेस और 11071 कामायनी एक्सप्रेस में बम रखा गया है। इस सूचना के बाद जंघई रेलवे स्टेशन पर दोनों ट्रेनों को रोका गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। जांच में सूचना फर्जी निकली, जिसके बाद जीआरपी कैंट वाराणसी में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस की गहन जांच और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान राजेश शुक्ला पुत्र लालमनि शुक्ला, निवासी ग्राम दियांवा महादेव, थाना मछलीशहर, जिला जौनपुर के रूप में हुई। वर्तमान में वह मुंबई के शिवान हाट स्थित प्रतीक्षा नगर, कोलीबाड़ा में रह रहा था।
आरोपी को रविवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 10-11 पर स्थित फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिससे फर्जी कॉल की गई थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 146/25, धारा 353, 351(4), व 217(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
