- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गाज़ियाबाद
- Ghaziabad News: कंटेनर की टक्कर से दो सगी बहनों की मौत, फुफेरा भाई गंभीर घायल
Ghaziabad News: कंटेनर की टक्कर से दो सगी बहनों की मौत, फुफेरा भाई गंभीर घायल
गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के कट के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में आंशिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परी और अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने आंशिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल परी को बेहतर उपचार के लिए हापुड़ के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। अजय का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आंशिका का पोस्टमार्टम गाजियाबाद में कराया गया, जबकि परी का पोस्टमार्टम हापुड़ में किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर हादसे में शामिल कंटेनर की पहचान कर ली गई है। चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
