गौतम बुद्ध नगर न्यूज : महिला हत्या कांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

गौतम बुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में महिला की हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने वाले आरोपी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस, थाना इकोटेक प्रथम पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुई इस मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई थी। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के ढकिया वाले बाबा गोलचक्कर के पास पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

यह भी पढ़े - बलिया में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक, प्रभारी जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

घायल आरोपी की पहचान सूरजपुर क्षेत्र के जैत वैशपुर गांव निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, मृतका का मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दो दिन पहले रविवार देर रात एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी। इस मामले में थाना बीटा-2 पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच दोस्ती थी और आरोपी मृतका से प्रेम करता था। जब मृतका ने उससे संबंध रखने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी को स्वस्थ होने के बाद न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.