Firozabad News: नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 40 लाख की चरस पकड़ी गई, दो अंतर्राष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रसूलपुर पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) आगरा की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को दो अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 753 ग्राम चरस बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार और एएनटीएफ यूनिट आगरा जोन की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेपाल से चरस लेकर फिरोजाबाद आ रहे अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़े - UP Breaking: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर विभाग का छापा, भारी पुलिस बल तैनात

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय सहनी पुत्र स्व. दुखी सहनी और सूरज कुमार पुत्र शिवपूजन दास, निवासी ग्राम बेरिया डीह, थाना हर्षिदी, जिला मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), बिहार के रूप में हुई है। दोनों को थाना रसूलपुर क्षेत्र के बरी चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह चरस उन्हें नेपाल निवासी शेषनाथ मास्टर साहब द्वारा भेजी गई थी, जिसे फतेहाबाद रोड स्थित नगला बरी चौराहे पर उन्हें सौंपा जाना था। इसकी सूचना उन्हें फोन के माध्यम से दी जानी थी। इसके बाद इस मादक पदार्थ को फुटकर में बेचने की योजना थी।

एएसपी ने बताया कि बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये है। आरोपी अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं और नेपाल से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर उसे 4 से 5 गुना महंगे दाम पर बेचते थे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.