Chandauli News: बकरीद की नमाज के दौरान नमाजी की कार का शीशा तोड़ा, मुस्लिम समुदाय में आक्रोश, पुलिस ने संभाला मोर्चा

चंदौली। जिले में शनिवार को बकरीद के मौके पर उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नमाज पढ़ने आए एक युवक की कार का शीशा कुछ अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। घटना के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया, हालांकि समय रहते पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।

थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सकलडीहा रोड स्थित ईदगाह में सुबह करीब 9 बजे बिछिया गांव निवासी 21 वर्षीय आसिफ अली अपने परिवार के साथ ईद की नमाज अदा करने पहुंचे थे। उन्होंने यूको बैंक के पास अपनी कार खड़ी की थी।

नमाज के बाद जब आसिफ वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ है। उन्होंने पास ही मौजूद पुलिसकर्मियों से जानकारी लेनी चाही, लेकिन जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

घटना की जानकारी जैसे ही अन्य नमाजियों को हुई, वे भी आक्रोशित हो उठे और बड़ी संख्या में जमा होकर विरोध जताने लगे। इस पर पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में तीन अराजक तत्वों की पहचान हुई है, जिन्होंने इस हरकत को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पता लगा लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.