बलिया: बारिश के पानी के निकास को लेकर विवाद, एक ही परिवार के तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला

बांसडीह, बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव में बारिश के पानी के निकास को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर पिता-पुत्री का सिर फोड़ दिया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां भी घायल हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता बिक्की गोंड के अनुसार, गुरुवार को बारिश का पानी उनके आंगन से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान पड़ोस की रेखा पानी की वजह से फिसलकर गिर गई। इसके बाद रेखा अपनी मां राधिका देवी और पिता हरेराम गोंड के साथ मौके पर पहुंची और विवाद शुरू हो गया।

यह भी पढ़े - बलिया: बैरिया आपदा कंट्रोल रूम के औचक निरीक्षण में मिली अव्यवस्था, डीएम ने जताई नाराजगी

आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए बिक्की और उसके पिता रामाशंकर गोंड पर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान रेखा ने रामाशंकर को दांत से काट लिया। बेटी और पति को बचाने पहुंची सुनैना देवी के साथ भी मारपीट की गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। घटना में पिता-पुत्री के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुनैना देवी भी घायल हुई हैं।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.