Bhadohi News: प्रधानाचार्य की हत्या में वांछित आरोपी को एसटीएफ ने लखनऊ से किया गिरफ्तार

लखनऊ: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भदोही में प्रधानाचार्य की हत्या के वांछित आरोपी फरमूद को गोमतीनगर, लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। फरमूद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

इसके अलावा, साइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड में जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य और 50 हजार के इनामी शाहिद अख्तर को भी सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया गया है।

ठगी के आरोपी शाहिद अख्तर की गिरफ्तारी

नगर कोतवाली सुल्तानपुर से गिरफ्तार शाहिद अख्तर, करेली, प्रयागराज का रहने वाला है। एसटीएफ के अनुसार, शाहिद 2012 से 2018 तक साइन सिटी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर था और बाद में कंपनी के एमडी आसिफ नसीम का सहायक बना।

शाहिद के मुताबिक, आसिफ नसीम ने सुल्तानपुर में कंपनी की नई साइट "साइन सिटी प्रोक्सिमा डेवलपर्स" शुरू की, जिसमें उसे पार्टनर के रूप में रजिस्टर कराया गया। कंपनी के फरार होने पर उस पर भी कार्रवाई शुरू हो गई और नगर कोतवाली सुल्तानपुर में दर्ज मुकदमे में वह फरार चल रहा था, जिस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

प्रधानाचार्य हत्याकांड: फरमूद की कबूलनामा

21 अक्टूबर 2023 को भदोही के नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर सिंह की गोलियों से हत्या कर दी गई थी। एसटीएफ द्वारा पकड़े जाने के बाद फरमूद ने स्वीकार किया कि उसने इस हत्याकांड को आमिर, जुनैद, कलीम और सौरभ के साथ मिलकर अंजाम दिया था।

फरमूद ने खुलासा किया कि सौरभ और प्रधानाचार्य के बीच वर्षों से दुश्मनी थी। सौरभ ने अपने मित्र कलीम के माध्यम से जुनैद, आमिर और फरमूद को हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी।

इस हत्याकांड में सौरभ, आमिर और कलीम पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अब फरमूद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.