बरेली: नौकरी दिलाने के नाम पर हड़पे डेढ़ लाख रुपये, प्रधानाचार्य समेत तीन पर केस दर्ज

बरेली/कैंट। कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की क्लर्क पर नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। जब नौकरी नहीं मिली और रुपये वापस मांगे गए, तो आरोपी ने युवक को जान से मारने की धमकी दे दी। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य और क्लर्क के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता मुन्नी देवी, निवासी शास्त्री नगर, थाना प्रेमनगर, ने बताया कि उनका बेटा शिवम गंगवार ट्यूशन पढ़ाकर जीविकोपार्जन करता है। जानकारी मिलने पर कि कैंट के एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में PGT व TGT पदों पर नियुक्ति हो रही है, उन्होंने बेटे का रिज्यूमे स्कूल में जमा कराया।

स्कूल की क्लर्क वैशाली अग्रवाल ने शिवम को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और कहा कि उसकी स्कूल के उच्च अधिकारियों तक पहुंच है। बदले में उसने डेढ़ लाख रुपये की मांग की, यह रकम प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ को देने की बात कही। क्लर्क ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का हवाला देते हुए रुपये स्कूल के बाहर देने को कहा।

17 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे, शिवम ने क्लर्क को स्कूल गेट के बाहर 1.5 लाख रुपये नकद दे दिए। वैशाली ने कहा कि औपचारिकता के लिए इंटरव्यू देना होगा। शिवम ने प्रधानाचार्य रॉयल एंथनी और उप प्रधानाचार्य इग्नाटियस डिसूजा को इंटरव्यू दिया, लेकिन यह कहते हुए उसे अस्वीकार कर दिया गया कि वह TGT और PGT अंग्रेजी के लिए योग्य नहीं है।

इसके बाद जब शिवम ने अपनी रकम वापस मांगी, तो क्लर्क वैशाली ने अभद्र भाषा में बात करते हुए धमकी दी कि अगर दोबारा रुपये मांगे, तो झूठे मुकदमे में फंसा देगी।

परिवार ने यह मामला एसपी सिटी मानुष पारीक के संज्ञान में लाया। उनके निर्देश पर कैंट पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है।

स्कूल के प्रधानाचार्य रॉयल एंथनी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में मीडिया को भेजे गए एक संदेश में उन्होंने कहा:

“मैं फिलहाल आउट ऑफ स्टेशन हूं और लगाए गए सभी आरोप गलत और निराधार हैं। सैकड़ों लोग नौकरी के लिए आवेदन करते हैं, सभी की नियुक्ति नहीं हो सकती। संबंधित व्यक्ति अयोग्य पाए गए, इसलिए चयन नहीं हुआ। अब वे निराशा में आकर स्कूल प्रबंधन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।” — रॉयल एंथनी, प्रधानाचार्य

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.