Bareilly News: पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन उमड़ा अभ्यर्थियों का सैलाब, पहली पाली के बाद सड़कों पर लगा जाम

बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच संपन्न कराई गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ बाहर निकलने से शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया और कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। निर्धारित समय से पहले सुरक्षा जांच पूरी कर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे।

त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच के बाद मिला प्रवेश

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों से मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, बेल्ट, पर्स तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही जमा करा लिए गए। इसके बाद तीन चरणों में सुरक्षा जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई। सभी केंद्रों पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।

एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

पहले दिन 4,209 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

सोमवार को आयोजित परीक्षा की पहली पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,627 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 8,736 में से 6,636 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 2,100 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहले दिन कुल 17,472 अभ्यर्थियों में से 13,263 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 4,209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिले में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्र

भर्ती परीक्षा के लिए बरेली कॉलेज के विभिन्न ब्लॉकों के अलावा बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज सहित कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

बदायूं, शाहजहांपुर, रामपुर, पीलीभीत और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने बरेली पहुंचे। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर दिनभर अभ्यर्थियों की आवाजाही बनी रही।

पांच जोन में बंटी निगरानी व्यवस्था

परीक्षा की निगरानी के लिए जिले को पांच जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त बाहरी केंद्र व्यवस्थापकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।

अभ्यर्थियों ने पेपर को बताया संतुलित

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मध्यम स्तर का बताया। अधिकांश अभ्यर्थियों के अनुसार हिंदी, सामान्य ज्ञान और रीजनिंग के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान रहे, जबकि गणित के कुछ प्रश्नों ने उन्हें अधिक समय लेने पर मजबूर किया।

सीतापुर से आए गौरव ने बताया कि प्रश्न तैयारी के अनुरूप थे और पेपर संतुलित रहा। वहीं नितिन कुमार ने कहा कि गणित के कुछ सवाल चुनौतीपूर्ण थे। बदायूं की आकृति के अनुसार सामान्य ज्ञान और हिंदी अपेक्षाकृत सरल रहे, जबकि गणित ने थोड़ा उलझाया। शाहजहांपुर के अरुण ने प्रश्नपत्र को सामान्य और संतुलित बताया।

अभ्यर्थियों की सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान

परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। केंद्रों के बाहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। प्रशासन के अनुसार परीक्षा पूरे दिन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

खबरें और भी हैं

Latest News

बलिया: युवती को अश्लील कंटेंट भेजने और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप, युवक पर मुकदमा दर्ज बलिया: युवती को अश्लील कंटेंट भेजने और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप, युवक पर मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को कथित तौर पर अश्लील फोटो-वीडियो भेजने और सोशल मीडिया...
बलिया: विवाहिता से मारपीट के आरोप में पति और देवर पर मुकदमा दर्ज
बलिया: गड़वार में ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गोडावन बनी 'इंडियन सिंगल माल्ट ऑफ द ईयर' और 'स्पिरिट ऑफ द ईयर – इंडिया' 2026 की विजेता
बाबा रामदेव ने एनिमेशन फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' को बताया बच्चों के लिए ज़रूरी, 17 जुलाई को होगी पैन इंडिया रिलीज़
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.