- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सपा जिला उपाध्यक्ष गिरिजेश सिंह के निधन से शोक की लहर, नेताओं ने जताया दुःख
सपा जिला उपाध्यक्ष गिरिजेश सिंह के निधन से शोक की लहर, नेताओं ने जताया दुःख
बलिया : समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गिरिजेश कुमार सिंह के असामयिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। चिलकहर ग्राम सभा निवासी गिरिजेश सिंह के निधन पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि गिरिजेश सिंह का निधन समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने जीवनभर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया और संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहे।
पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने कहा कि गिरिजेश सिंह का व्यवहार सभी कार्यकर्ताओं के प्रति बेहद आत्मीय था। वे हमेशा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विश्राम यादव ने कहा कि उनके निधन से पार्टी ने एक ईमानदार और संघर्षशील कार्यकर्ता को खो दिया है। वहीं जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने इसे व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि गिरिजेश सिंह का सादगीपूर्ण जीवन और कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान हमेशा याद किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक व्यक्त करने वालों में हरिशंकर राय, अजय यादव, सर्वजीत यादव, रामेश्वर पासवान, अटल पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता और शुभचिंतक शामिल रहे।
