- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी हत्याकांड की जांच में बलिया पहुंची सीबीआई, आरोपी के परिजनों से पूछताछ
शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी हत्याकांड की जांच में बलिया पहुंची सीबीआई, आरोपी के परिजनों से पूछताछ
बलिया : पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम बलिया पहुंची है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीबीआई की दो सदस्यीय टीम आरोपी राज सिंह के परिजनों और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण सिंह के अनुसार सीबीआई अधिकारियों ने राज सिंह की मां और भाई से अलग-अलग पूछताछ की। इसके अलावा आरोपी के दोस्तों और स्थानीय दुकानदारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी की बहन दीप शिखा सिंह ने कहा कि परिवार को सीबीआई जांच पर पूरा भरोसा है और उन्होंने अपने भाई की सुरक्षा की मांग भी उठाई है। वहीं आरोपी के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने दावा किया कि सीबीआई जांच के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
राज सिंह की मां जामवंती सिंह ने बताया कि परिवार जांच एजेंसी को पूरा सहयोग दे रहा है और सीसीटीवी फुटेज सहित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में छह मई को मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ले ली थी।
इस मामले में पुलिस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब सीबीआई विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे नेटवर्क और घटना की साजिश की जांच कर रही है।
