- Hindi News
- मनोरंजन
- सन नियो के आगामी शो ‘राजनंदिनी’ में मुख्य भूमिका निभाएंगी नेहा सोलंकी, बोलीं- “दर्शकों को धीरे-धीरे
सन नियो के आगामी शो ‘राजनंदिनी’ में मुख्य भूमिका निभाएंगी नेहा सोलंकी, बोलीं- “दर्शकों को धीरे-धीरे उसके व्यक्तित्व के कई अलग-अलग पहलू देखने को मिलेंगे”
मुंबई, अगस्त 2026: सन नियो के आगामी शो ‘राजनंदिनी’ में अभिनेत्री नेहा सोलंकी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। बदला, रहस्य और अलौकिक घटनाओं से जुड़ी इस कहानी में नेहा राजनंदिनी का किरदार निभा रही हैं। शो की घोषणा के बाद अब अभिनेत्री ने अपने किरदार और उसकी खासियतों के बारे में खुलकर बात की है।
अपने किरदार के बारे में नेहा सोलंकी ने कहा, “राजनंदिनी बहुत ही खुशमिजाज, जिंदादिल और हर चीज को जानने की उत्सुकता रखने वाली लड़की है। वह अपने पुश्तैनी घर से दूर पली-बढ़ी है, लेकिन फिर भी अपनी परंपराओं से बहुत गहराई से जुड़ी हुई है। भगवान शिव में उसकी गहरी आस्था है। वह बेबाक और ईमानदार है और जो महसूस करती है, उसे खुलकर कहती है। उसका स्वभाव बहुत मासूम और सकारात्मक है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे उसकी यह बात बहुत पसंद है कि वह छोटी-छोटी चीजों में भी खुशी ढूंढ लेती है। मुझे लगता है कि दर्शक उसकी सादगी और गर्मजोशी से तुरंत जुड़ जाएंगे।”
नेहा के मुताबिक, राजनंदिनी का किरदार सिर्फ उसकी मासूमियत और सकारात्मक सोच तक सीमित नहीं है। कहानी आगे बढ़ने के साथ उसके व्यक्तित्व के कई अनदेखे पहलू सामने आएंगे।
अभिनेत्री ने कहा, “राजनंदिनी का किरदार इसलिए खास है, क्योंकि उसमें जितना दिखाई देता है, उससे कहीं ज्यादा छिपा है। जब शो शुरू होगा, तब दर्शकों को उसके व्यक्तित्व के कई अलग-अलग पहलू देखने को मिलेंगे और धीरे-धीरे समझ आएगा कि राजनंदिनी को इतना खास क्या बनाता है।”
उन्होंने कहा कि वह फिलहाल कहानी से जुड़े ज्यादा राज नहीं खोल सकतीं, लेकिन राजनंदिनी का सफर उसके व्यक्तित्व के ऐसे पहलू सामने लाएगा, जिसके बारे में शायद वह खुद भी नहीं जानती।
नेहा ने कहा, “मैं दर्शकों से राजनंदिनी की मुलाकात कराने, उसके सफर को उनके सामने लाने और इस खूबसूरत किरदार को उनके साथ जीने के लिए बहुत उत्साहित हूं।”
देखिए ‘राजनंदिनी’ जल्द ही, सिर्फ सन नियो पर।
