- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: पत्नी और बहन की हत्या के बाद युवक ने की खुदकुशी, WhatsApp स्टेटस से खुला म...
लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: पत्नी और बहन की हत्या के बाद युवक ने की खुदकुशी, WhatsApp स्टेटस से खुला मामला
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोमतीनगर इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद घर पहुंचकर बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
12 साल पहले हुई थी शादी
दिव्या मिश्रा की शादी करीब 12 साल पहले भारतीय स्टेट बैंक की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में कार्यरत मानस वाजपेई से हुई थी। दोनों की उम्र क्रमश: 33 और 35 वर्ष बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्तों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। दिव्या ने पिछले वर्ष मानस से तलाक के लिए आवेदन किया था। इसके बाद वह आलमबाग में अलग रह रही थी। वहीं मानस हुसेड़िया चौराहे के पास अपनी 28 वर्षीय बहन सीबा के साथ किराए के मकान में रह रहा था। दोनों के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
दिव्या मिश्रा चर्चित यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। प्रज्ञा अपने यूट्यूब चैनल 'उल्टा चश्मा' को लेकर चर्चा में रही हैं।
WhatsApp स्टेटस से पड़ोसियों को मिली जानकारी
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने कथित तौर पर WhatsApp स्टेटस लगाया, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी। स्टेटस में उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और अपनी बहन तथा खुद को भी मारने की बात कही।
जब पड़ोसियों ने यह स्टेटस देखा तो वे तत्काल मानस के घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद दरवाजा खोला गया तो अंदर मानस और उसकी बहन के शव पड़े मिले।
पड़ोसी अंकुर के मुताबिक, कमरे में टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी।
पुलिस को तीन हथियारों के इस्तेमाल का दावा
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात में दो पिस्टल और एक तमंचे के इस्तेमाल की बात सामने आई है। पत्नी और बहन को सिर में गोली मारे जाने की बात कही गई है, जबकि मानस ने अपनी कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने ICICI बैंक के साथ-साथ हुसेड़िया स्थित मानस के आवास का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले के सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए।
तलाक और बहन की बीमारी समेत कई पहलुओं पर जांच
पड़ोसियों के मुताबिक मानस और उसकी बहन सामान्य व्यवहार वाले थे और लोगों से अच्छी तरह बातचीत करते थे। बताया जा रहा है कि मानस की बहन सीबा लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बीमारी से जूझ रही थी और पिछले कुछ महीनों में उसकी तबीयत ज्यादा खराब थी।
फिलहाल पुलिस दांपत्य विवाद, तलाक की कार्यवाही, पत्नी पर लगाए गए आरोप, बहन की बीमारी और वारदात में इस्तेमाल हथियारों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की पूरी तस्वीर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
