- Hindi News
- मनोरंजन
- रश्मि देसाई ने ‘सयोनी’ से टीवी वापसी पर तोड़ी चुप्पी, सरगुन मेहता और रवि दुबे को लेकर कही दिल की बात...
रश्मि देसाई ने ‘सयोनी’ से टीवी वापसी पर तोड़ी चुप्पी, सरगुन मेहता और रवि दुबे को लेकर कही दिल की बात
मुंबई, सितंबर 2026: स्टार प्लस जल्द ही अपना नया शो ‘सयोनी’ लेकर आ रहा है। शो में अभिनेत्री रश्मि देसाई दमदार किरदार ‘माया’ की भूमिका में नजर आएंगी। उनके साथ जान्हवी सोनी ‘सानवी’ और गौतम सिंह विग सानवी की जिंदगी में आने वाले नए साथी के किरदार में दिखाई देंगे। शो के प्रोमो ने माया, सानवी और उनकी जिंदगी में आने वाले बदलावों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। वहीं, रश्मि देसाई की टेलीविजन पर वापसी ने भी शो को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।
‘अब मैं पहले से ज्यादा अनुशासित और केंद्रित हूं’
रश्मि देसाई ने कहा कि उन्हें अपने काम और अपने सफर से प्यार है और सेट पर रहना उन्हें हमेशा पसंद रहा है। उन्होंने कहा कि अनुभव के साथ अब वह अपने काम को लेकर पहले से ज्यादा अनुशासित और केंद्रित हो गई हैं।
अभिनेत्री ने कहा, “मुझे अपने काम से प्यार है, अपने सफर से प्यार है और सेट पर रहना मुझे बेहद पसंद है। अब मैं पहले से ज्यादा अनुशासित और अपने काम को लेकर ज्यादा केंद्रित हूं। अनुभव बढ़ने के साथ मुझे लगता है कि अब मैं पहले से कहीं बेहतर काम कर सकती हूं। सबसे अहम बात यह है कि मैं किन लोगों के साथ काम कर रही हूं। मेरे निर्देशक और निर्माता सरगुन और रवि, मुझे लगता है कि वे कमाल के हैं।”
सरगुन और रवि के साथ काम करना लगा घर जैसा
रश्मि ने सरगुन मेहता और रवि दुबे के प्रोडक्शन वर्क की भी तारीफ की। उन्होंने निर्देशक उत्तम बेलावत को भी शो का अहम हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा, “सरगुन और रवि बतौर निर्माता टेलीविजन पर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और उत्तम बेलावत भी एक बेहतरीन निर्देशक हैं। कई बार पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों को दर्शक नहीं जान पाते, जबकि वही आपके काम को सही दर्शकों तक पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं।”
रश्मि ने कहा कि उत्तम शो की धड़कन हैं और सरगुन व रवि के साथ काम करते हुए उन्हें घर जैसा महसूस होता है। उनके मुताबिक, इतने अच्छे लोगों के साथ काम करना उनके करियर में एक नया और अहम मोड़ साबित हो सकता है।
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगा कि इतने शानदार लोगों के साथ काम करना मेरे जीवन का एक नया और अहम मोड़ साबित हो सकता है, इसलिए मैंने तुरंत इस सफर का हिस्सा बनने का फैसला किया। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए सबसे अच्छा निर्णय है। अच्छा हुआ कि मैंने इतने लंबे समय तक इंतजार किया। अपनी भावनाओं के प्रति ईमानदार रहना भी जरूरी है, क्योंकि मैंने कभी जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया।”
23 सितंबर से शुरू होगा ‘सयोनी’
‘सयोनी’ में रश्मि देसाई, जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। शो का प्रसारण 23 सितंबर से शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर शुरू होगा।
