- Hindi News
- मनोरंजन
- अनुभव सिन्हा की चर्चित कोर्टरूम ड्रामा ‘अस्सी’ का टेलीविजन डेब्यू, तापसी पन्नू के साथ एंड पिक्चर्स प...
अनुभव सिन्हा की चर्चित कोर्टरूम ड्रामा ‘अस्सी’ का टेलीविजन डेब्यू, तापसी पन्नू के साथ एंड पिक्चर्स पर होगी रिलीज
मुंबई, सितंबर 2026: गुलशन कुमार और टी-सीरीज की प्रस्तुति तथा बनारस मीडिया वर्क्स द्वारा प्रस्तुत फिल्म ‘अस्सी’ अब टेलीविजन पर दस्तक देने जा रही है। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी इस इन्वेस्टिगेटिव कोर्टरूम ड्रामा का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 25 सितंबर, शुक्रवार रात 9:30 बजे सिर्फ एंड पिक्चर्स पर होगा।
तापसी पन्नू बनीं एडवोकेट रावी हुस्कर
फिल्म में तापसी पन्नू एडवोकेट रावी हुस्कर के किरदार में नजर आती हैं। वह एक ऐसा केस अपने हाथ में लेती हैं, जो उन्हें और अदालत से जुड़े लोगों को इस सवाल के सामने खड़ा करता है कि जब कोई पीड़िता इंसाफ की मांग करती है, तो कानूनी व्यवस्था उसके साथ किस तरह पेश आती है।
फिल्म में कानी कुसरुति परिमा के किरदार में हैं। उनके अलावा रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और नसीरुद्दीन शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
तापसी और अनुभव सिन्हा की तीसरी फिल्म
अनुभव सिन्हा और गौरव सोलंकी द्वारा लिखी गई ‘अस्सी’, तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा की साथ में तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ में साथ काम कर चुके हैं।
साल 2026 की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को समीक्षकों की ओर से एक जटिल और संवेदनशील मुद्दे को बिना अनावश्यक भावुकता और मेलोड्रामा के पेश करने के लिए सराहना मिली। फिल्म आसान जवाब देने के बजाय यह सवाल उठाती है कि एक समाज के रूप में हम वास्तव में कितनी दूर आगे बढ़े हैं।
‘यह ऐसी कहानी है, जिसे लोगों के घरों तक पहुंचना चाहिए’
टेलीविजन प्रीमियर को लेकर तापसी पन्नू ने कहा कि जब उन्होंने फिल्म बनाई थी, तब उन्हें अंदाजा था कि दर्शक इसे सिर्फ मनोरंजन के लिए देखने नहीं आएंगे। उनके मुताबिक, फिल्म दर्शकों को असहज करने वाले सवालों से रूबरू कराती है और यही इसकी कहानी का उद्देश्य है।
तापसी ने कहा कि अब वह चाहती हैं कि यह कहानी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और उम्मीद है कि फिल्म देखने के बाद दर्शक इसके विषय पर चर्चा करेंगे।
अनुभव सिन्हा बोले- ‘यह सवाल मेरे मन में लगातार बना हुआ था’
निर्देशक अनुभव सिन्हा ने कहा कि उन्होंने ‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों के जरिए गंभीर विषयों को पर्दे पर उठाया है। उनके मुताबिक, ‘अस्सी’ भी इसी सिलसिले की एक फिल्म है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने यह फिल्म लोगों की पसंद बनने के लिए नहीं, बल्कि उस सवाल को पर्दे पर उतारने के लिए बनाई, जो लगातार उनके मन में बना हुआ था। अनुभव सिन्हा ने टेलीविजन को इस तरह की कहानी के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि अब अलग-अलग उम्र और समाज के विभिन्न वर्गों के दर्शक इस फिल्म को देख सकेंगे।
एंड पिक्चर्स के इस प्रीमियर के जरिए ‘अस्सी’ अब टेलीविजन के बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी। जो दर्शक फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए, उनके पास अब इसे घर बैठे देखने का मौका होगा।
‘अस्सी’ का एक्सक्लूसिव वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 25 सितंबर, शुक्रवार रात 9:30 बजे सिर्फ एंड पिक्चर्स पर होगा।
