- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : बलिया में दिनदहाड़े महिला के गले से चेन झपटी, CCTV में कैद हुई वारदात
Ballia News : बलिया में दिनदहाड़े महिला के गले से चेन झपटी, CCTV में कैद हुई वारदात
बलिया: सदर कोतवाली क्षेत्र के परिखरा स्थित महावीर नगर में सोमवार सुबह बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से चेन झपट ली। दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और चेन बरामद करने की मांग की है।
ई-रिक्शा से उतरते ही झपटी चेन
परिजनों के अनुसार, कॉलोनी के अंदर घर के पास ई-रिक्शा से उतरते ही पहले से घात लगाए बाइक सवार दोनों युवकों ने बबिता तिवारी के गले से चेन झपटी और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
अचानक हुई घटना से महिला और उनके साथ मौजूद परिजन सकते में आ गए। आसपास के लोगों को जानकारी मिलने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बाइक सवार दोनों युवक दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में पुलिस को मदद मिल सकती है।
मोहल्लेवासियों ने दिनदहाड़े हुई घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द पकड़ने और महिला की चेन बरामद करने की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर
घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दिए जाने की जानकारी है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। लोगों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
